Monday, July 2, 2012

1) स्पाइडरमैन की तरह मेट्रो पर सवार जब वह आनंद विहार उतरा तो मर्दानापन दुरुस्त करने के डाक्टरों के दावों से घिर गया। वहां से नज़र हटी से मशहूर चाट की दुकानों से होती हुई की रिंग,छोले,तरह तरह के मोजों के बीच से टर्न लेती हुई उस आटो स्डैंट पर टिकी जहां वो आई तो सही समय पर लेकिन दुप्पटे का नकाब उतारना भूल गई। उस वक्त आटो से ऐसी कई नकाबपोश लड़कियां उतरीं थीं। बाइक सवारों की पिछली सीट पर भी ऐसी ही लड़किया गुज़री थीं। शिखर और राजश्री गुटखा की लड़ियों से बचते हुए आनंद विहार की आवाजाही में उसकी चिल्लाहट खो गई। कोई सुन ही नहीं रहा था। सब कानों में ईयर पीस ठूंसे सीढ़िया चढ़े जा रहे थे। यहां सब एक दूसरे से पराये हैं। बुदबुदाते हुए जब उसने मोबाइल का कॉल बटन दबाया तो एक जैसे कई रिंग टोन बजने लगे। एक जैसे दुपट्टे, कालर ट्यून और ईयर पीस के दौर में हमारा इश्क भी आनंद विहार जैसा है। अराजक चौराहा।

2)मेट्रो ने अचानक उनकी गली को बदल दिया। अनजाने लोग आने जाने लगे। दोनों ने दस बाई दस के कमरे के ख्वाब को दुकान में बदल दिया। खुद महफूज़ जगह की तलाश में मेट्रो से दिल्ली घूमने लगे। वो लेडिज़ कूपे में बंद हो गई और ये जेन्ट्स कूपे में। उनका सफर ऐसे बंट गया जैसे खाप आ गया हो। उसकी शिकायतें बढ़ने लगीं। जब कहीं पहुंचकर उतरने के बाद ही मिलना हो तो फिर सफर का झंझट क्यों? यही तो तुम नहीं समझती हो। कुछ तो हो जीवन में कि तुमसे मिलने की बेकरारी बढ़ती जाए। भोजला पहाड़ी की ऊंचाई से भी चितली कबर के चौराहे की भीड़ में तुमको पहचानने लगा था। बात सफर की नहीं है,बात अनजाने रास्तों पर सफर की है। इश्क़ में अजनबी न रहे तो इश्क नहीं रहता। )

Thursday, December 2, 2010

बिहार

तो बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश, बीजेपी एंड कंपनी ने 243 में से 206 यानी तकरीबन 85 फीसदी सीटें जीत लीं। लेकिन शायद इससे भी ज्यादा चौंकाने वाला प्रदर्शन तो कांग्रेस का था। 2005 में कांग्रेस ने 51 सीटों से चुनाव लड़ा था और 9 पर जीत हासिल की थी। इस बार उसने सभी 243 सीटों से अपने उम्मीदवार खड़े किए और हाई प्रोफाइल प्रचार अभियान चलाया, लेकिन इसके बावजूद वह केवल 4 सीटें ही जीत पाई। बिहार के सभी कांग्रेस लॉ मेकर अब बड़े आराम से एक नैनो कार में समा सकते हैं। यह हालत उस पार्टी की है, जो केंद्र में काबिज है।

नीतीश की लहर, भाजपा के प्रति मतदाताओं का रुझान, लालू से नाराजगी, जातिगत समीकरण से ऊपर उठने की कोशिश करते बिहार के मतदाता और विकास के पक्ष में जनादेश। अगर इन सबके मद्देनजर बिहार के क्लीन स्वीप पर गौर करें तो माना जा सकता है कि बिहार एक क्रांति के दौर से गुजर रहा है। अलबत्ता वोटिंग के वास्तविक आंकड़ों पर अभी ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया है। बिहार में नीतीश-भाजपा गठबंधन ने 39 फीसदी वोट हासिल किए यानी 2 करोड़ 90 लाख वोटों में से 1 करोड़ 10 लाख वोट (सरलता के लिए आंकड़ों को राउंड फिगर में कर दिया गया है)। इसकी तुलना उन लगभग 1 करोड़ लोगों या 34 फीसदी वोटों से करें, जो लोजपा, राजद या कांग्रेस के खाते में गए।

लोजपा, राजद और कांग्रेस पहले भी आपस में गठजोड़ कर चुके हैं। उन्हें एक-दूसरे का करीबी माना जा सकता है और निश्चित ही वे नीतीश-विरोधी हैं। अगर वोटिंग के आंकड़ों पर गौर करें तो नीतीश कुमार को मिला जनादेश उतना भव्य नजर नहीं आता।

इसके क्या मायने हैं? क्या नीतीश और भाजपा को बिहार में अपनी जीत का जश्न नहीं मनाना चाहिए? क्या इसका यह मतलब है कि अविश्वसनीय चुनाव परिणाम महज एक विचित्र संयोग भर थे?

बहरहाल, इससे तो कतई इनकार नहीं किया जा सकता कि चुनाव में बिहार के मतदाताओं का झुकाव नीतीश और भाजपा के पक्ष में रहा और उन्होंने लालू और उनके तमाम भाई-बंधुओं के विरुद्ध वोट दिया। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि विजेता खुद को आरामदेह स्थिति में महसूस कर सकते हैं या आत्मसंतुष्ट हो सकते हैं। न ही इसका यह मतलब है कि पराजितों का सूपड़ा साफ हो गया है। वास्तव में वर्ष 2009 के आम चुनाव में भी अमूमन यही स्थिति थी। चुनाव में यूपीए को स्पष्ट विजेता बताया गया था, लेकिन वोटों के अनुपात के आंकड़े कुछ और ही कहानी बयां करते थे। भारत में चुनाव इसी तरह होते हैं और कोई भी पार्टी अपनी स्थिति को हल्के में नहीं ले सकती। बिहार के चुनाव से दोनों प्रमुख दलों भाजपा और कांग्रेस को सबक सीखने चाहिए और मतदाताओं को भी।

जहां तक भाजपा का सवाल है (जो अब केंद्र पर अपना ध्यान केंद्रित कर रही है), उसे आत्मसंतोष की स्थिति से बचना चाहिए। यह सच है कि हवा का रुख उनकी तरफ है, लेकिन यह अब भी कोई आंधी नहीं है। कर्नाटक जैसी घटनाएं उनकी राह में रोड़ा साबित हो सकती हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री को हटाने से पार्टी को नुकसान हो सकता था, लेकिन उन्हें नहीं हटाने पर भाजपा को इसका और ज्यादा खामियाजा भुगतना पड़ेगा। सबसे बड़ी बात यह है कि यह ‘ब्रांड बीजेपी’ को चोट पहुंचा सकता है और उस तमाम वैधता और परिपक्वता को नुकसान पहुंचा सकता है, जो उसने पिछले एक वर्ष में अर्जित की।

कांग्रेस को यह सबक सीखने की जरूरत है कि उसे किस तरह के सहयोगियों के साथ नाता रखना है, क्योंकि बुरे सहयोगियों के न होने के बाद भी उनके बुरे प्रभाव देर तक बने रहते हैं। बिहार में कांग्रेस ने अकेले ही चुनाव लड़ा था, लेकिन मतदाता लालू-कांग्रेस गठजोड़ को भुला न सके। कांग्रेस के लिए इस बारे में विचार करना भी जरूरी है कि राहुल गांधी का किस तरह इस्तेमाल किया जाए। बिहार में उनके प्रचार अभियान का कोई असर नहीं पड़ा। उनका व्यक्तित्व आकर्षक है और निश्चित ही वे एक अच्छे खानदान से वास्ता रखते हैं, जो कि भारतीयों को पसंद है।

आमजन के साथ घुलने-मिलने के उनके प्रयासों को भी सही ठहराया जा सकता है। शायद इतना सब करने के बाद उन्हें यह लगे कि वे भविष्य के प्रधानमंत्री हो सकते हैं, लेकिन दबी जुबान से अब यह सवाल पूछा जाने लगा है कि उन्होंने अभी तक आखिर किया ही क्या है? राहुल गांधी को जल्द ही कोई ठोस जिम्मेदारी लेनी चाहिए और उसमें अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करना चाहिए। उन्हें युवाओं के आदर्श के रूप में प्रचारित जरूर किया गया, लेकिन उन्होंने इतने बड़े-बड़े घोटालों में अपनी पक्षधरता स्पष्ट करने का कोई प्रयास नहीं किया। शायद उन्हें बेदाग बनाए रखने के लिए रणनीतिपूर्वक उनसे चुप रहने को कहा गया हो, लेकिन आखिर कौन यूथ आइकॉन ऐसा होगा, जो देश को लूटे-खसोटे जाने के बावजूद चुप्पी साधे रहेगा? युवा पीढ़ी उनसे उम्मीद कर रही थी कि वे एक ठोस बयान देंगे या कम से कम गलतियों को स्वीकारते हुए अपनी विनम्रता का परिचय तो देंगे ही। इसके उलट उनकी हालिया छवि तो यह है कि वे अपने ब्लैकबेरी से खेलते हुए पत्रकारों के सवालों से कतराकर निकल रहे हैं।

हालांकि बिहार का सबसे जरूरी सबक तो मतदाताओं के लिए है। मैं प्रबुद्ध भारतीय मतदाता उसे कहता हूं, जो शिक्षित हो, जाति, धर्म या समुदाय के आधार पर वोट नहीं देता हो, जो किसी एक राजनीतिक दल का बंधक न हो, जिसका अपना एक स्वतंत्र दृष्टिकोण हो और जो राजनीतिक दलों के प्रदर्शन के आधार पर ही उन्हें वोट देता हो। यदि आप यह कॉलम पढ़ रहे हैं तो आप एक प्रबुद्ध मतदाता के रूप में अपना आकलन कर सकते हैं। अब जरा प्रबुद्ध मतदाता की तुलना निष्क्रिय मतदाता से करें। निष्क्रिय मतदाता वह है, जो अव्वल तो वोट ही नहीं देता, और अगर देता भी है तो उस राजनीतिक दल को, जिसका उसके परिवार द्वारा परंपरागत रूप से समर्थन किया जाता रहा है।

या वह किसी ऐसे उम्मीदवार को वोट देता है, जो उसकी जाति या धर्म का है, या जिसने चुनाव के ऐन पहले उसे शानदार पार्टी दी है। निष्क्रिय मतदाता सरकार के प्रदर्शन का आकलन नहीं करता। जाहिर है आज भी भारत में प्रबुद्ध मतदाताओं की तादाद निष्क्रिय मतदाताओं की तुलना में बहुत कम है और इसका कारण है शिक्षा का अभाव, जागरूकता में कमी और पक्षपात की प्रवृत्ति। लेकिन प्रबुद्ध मतदाताओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। पिछले आम चुनाव में 30 करोड़ लोगों ने मतदान किया था। यदि इनमें से 10 फीसदी मतदाता भी प्रबुद्ध और जागरूक होंगे तो वोटों के अनुपात में कड़ी प्रतिस्पर्धा की स्थिति को देखते हुए उनका योगदान महत्वपूर्ण होगा। इसका सीधा-सीधा मतलब यह है कि चुनाव में जीत का आधार किसी पार्टी द्वारा किया गया प्रदर्शन ही होगा। यह स्थिति पहले ही कुछ राज्यों में देखी जा चुकी है। बिहार चुनाव के नतीजे रोमांचक थे। उम्मीद की जानी चाहिए कि राजनेता और मतदाता इनसे जल्द ही सबक लेंगे।

Sunday, November 7, 2010

अत्यधिक ओबामा

अमेरिका में ओबामा कम हो रहे हैं। भारत में ओबामा अत्यधिक हुए जा रहे हैं। पांच दिनों से ओबामा के बारे में हर आतंरिक जानकारी दी जा रही है। ओबामा और भारत के तथाकथित रिश्ते को लेकर लाखों पन्ने विश्लेषण के छप चुके हैं। सैंकड़ों घंटे न्यूज़ चैनलों की चर्चाओं में विश्लेषण के ढेर उत्पादित हो चुके हैं। दिल्ली में मौजूद सभी विशेषज्ञों ने यथासंभव समीक्षा कर दी है। सोच रहा हूं कि अगर इतना ही विश्लेषण भारतीय विदेश सेवाओं के अफसरों को करना पड़ गया होगा तो उनकी तो गत निकल गई होगी। अंडरवीयर की साइज़ छोड़ हर आतंरिक जानकारी जनरल नॉलेज की किताब की मानिंद छप चुकी है। दिखाई जा चुकी है। कुछ विवादित खबरें भी छपी हैं। ओबामा की यात्रा पर ९०० करोड़ रुपये प्रतिदिन खर्च होंगे। सीएनएन के एंडरसन कूपर ने दो सौ मिलियन ड़ॉलर के मिथ पर कार्यक्रम कर पोल खोल दी है। भारतीय मीडिया की इस जानकारी की खिल्ली उड़ाते हुए कूपर के शो में आए मेहमानों ने काफी मज़ेदार टिप्पणियां की हैं।

एक अध्य्यन किया जाना चाहिए। ओबामा के आने से कितने टन पेपर छपे और कितने घंटे की फुटेज बनी। दस साल बाद कोई दिवाली के बाद के तीन दिनों में हिन्दुस्तान की घटनाओं को खंगालेगा तो उसे ओबामा के अलावा कुछ नहीं मिलेगा। हालांकि आज कुछ स्थानीय चैनलों में हत्या वगैरह की खबरें दिखाईं जा रही थीं। आज के दिन भारत में एक ही घटना घट रही है। ओबामा अवतरित हो रहे हैं। मैं भी एक तटस्थ ब्लॉगर के रूप में इसे दर्ज कर रहा हूं। मीडिया का हर मंच अपने पाठक और दर्शकों को जागरूक तो करेगा ही। उन्हें जानकारी तो देगा ही। कौन रोक सकता है। इसे रोकना असंभव है। इसलिए इस प्रक्रिया पर अपनी टिप्पणी दर्ज कर रहा हूं। यह लेख विरोध टाइप फ्रेमवर्क में नहीं है। मैं खुद कई दिनों से ओबामा साहित्य पढ़ रहा हूं। लोकसभा टीवी पर एक अच्छी चर्चा भी सुनी। लगा कि काफी है। फिर अखबार निकाला तो ओबामा भार से दब गया। आज टीवी पर ओबामा ऐसे आ रहे हैं जैसे फरहान अख्तर की फिल्म में कोई डॉन आ रहा हो। ओबामा के जहाज़ को लेकर ग़ज़ब का रोमांच है। एयरफोर्स वन को काफी प्रमुखता मिली है। इतने वाक्य कहे और लिखे जा चुके हैं कि पार्थसारथी का कहा हुआ सी उदय भास्कर का लगता है और भास्कर का लिखा हुआ ब्रह्मा चेलानी का लगता है। बारीक विश्लेषण बालू की तरह दिमागी छलनी से ससर कर निकल जा रहा है।

एक और बात सामने आई है। दिल्ली अब विशेषज्ञों की सबसे बड़ी मंडी है। कोलकाता,मुंबई और चेन्नई में एक भी आदमी नहीं है(होगा भी तो आमंत्रित नही है) जो टीवी पर आकर अपना नज़रिया रखने लायक समझा गया हो। सारे के सारे दक्षिण दिल्ली के आसपास या कुछ पड़पड़गंज टाइप के इलाकों से उदित हो रहे हैं और स्टुडियो में मुखरित हो रहे हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति को मालूम होगा कि उनका दौरा किसी जगह पर कितनी दुकानें खुलवाता है। जितने दिनों का दौरा उतने दिनों की दुकानें। विशेषज्ञ न होते तो भगवान जाने भारत अमेरिका की दोस्ती का क्या हाल हुआ होता। पता ही नहीं चलता कि कहां समस्या है और कहां समाधान। दिल्ली भारत के राष्ट्रीय विशेषज्ञों की राजधानी बन चुकी है।

भारत जनरल नॉलेज की सालाना किताब का ख्वाब पाल रहा है। सुपरपावर होने का ख्वाब। ये ख्वाब कब और कहां से हमारे नेशनल डिस्कोर्स में आ गया मुझे ज्ञात नहीं है। अज्ञात सूत्रों के मुताबिक भारत के संविधान में भी नहीं लिखा है कि हम भारत के लोग एक दिन मिलकर भारत को सुपरपावर बना देंगे। कुल मिलाकर ऐसा लग रहा है कि जैसे किसी कार्यकर्ता के घर राहुल गांधी खाने चले गए हों और उनके जाने के बाद वो प्रदेश कांग्रेस के दफ्तर में चौड़ा होकर घूम रहा हो कि देखो हमारे रिश्ते बेहतर हो रहे हैं। राहुल जी सुपरपावर हैं तो हम उनके साथ खाकर एडिशनल सुपरपावर तो हो ही गए हैं। उसका दिल तब टूटता है जब सुपरपावर राहुल जी किसी और राज्य के कार्यकर्ता के घर जाकर खा लेते हैं। वैसे इसी बहाने आम दर्शक और पाठक भारत और अमेरिका के हर पहलु का ज्ञाता बन जाएगा। उम्मीद की जानी चाहिए।

ओबामा के दो साल गुजर गए। कर्णप्रिय कथनों के उच्चरण का असर कम हो रहा है। गांधी को अपना आदर्श मानते हैं मगर यह भी कहते हैं कि गांधी जैसे होना मुश्किल है। कैसे होगा। गांधी खादी में थे और आप सूट में हैं। गांधी होते तो एक साधारण विमान से अमेरिका चले जाते और आप भारत आने के लिए विमानों की प्रदर्शनी कराने लगे हैं। गांधी का नाम लेना ओबामा की चालाकी है। अंबेडकर को भी याद कर लेते। जिस लड़ाई के ओबामा प्रतीक हैं उसमें अंबेडकर एक अच्छी मिसाल हो सकते थे। ऐसा करना उनके लिए अच्छा भी होता। मगर गांधी का नाम और उनकी तस्वीर लगाकर ओबामा ने ऐसा कुछ नहीं किया जिससे लगे कि उनकी विचारधारा का एक चेला दुनिया की सबसे ऊंची कुर्सी पर पहुंच गया है। वो उनके जैसा ही कुछ करना चाहता है। ओबामा ने यस वी 'कैन' तो कह दिया लेकिन क्या 'कैन' किया है किसी को मालूम नहीं है। गांधी का नाम लेकर यह आदमी बाज़ार खोज रहा है। किसी को शर्म नहीं आई कि ग्लोबल गांधी को ग्लोबलाइज़ेशन का उपकरण बना दिया। बंदूक और बम का बाज़ार। भारत में। नौकरियां अब राष्ट्रवाद को परिभाषित कर रही हैं। मुल्कों के प्रधान नौकरियों के लिए बिजनेस खोज रहे हैं। पहले राष्ट्र का विस्तार उसकी भौगोलिक सीमाओं से होता था अब नौकरियों की संभावनाओं से हो रहा है।

Friday, November 5, 2010

भारत और अमेरिका सफरनामा : आइजनहॉवर से ओबामा तक

आज अमेरिका हमारी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था में बड़ी हिस्सेदारी चाहता है। भारत की अहमियत को बताना और भारत को उभरते हुए सुपर पावर का महत्व देना भी इस यात्रा का उद्देश्य है। आम लोगों में ओबामा की अच्छी छवि बनी तो ही सौदे उनकी झोली में गिरेंगे। पाकिस्तान के यहां जाकर तो ओबामा को सद्भावना नहीं मिलती। प्रस्तुत है आइजनहॉवर से ओबामा तक के इस समयकालकंड में बहुत कुछ बदला है, प्रस्तुत है भारत और अमेरिका उतार-चढ़ाव भरे सफरनामे पर एक सिंहावलोकन:



9-14 दिसंबर 1959 : ड्वाइट आइजनहॉवर

रामलीला मैदान में दिया भाषण

यहां आने वाले अमेरिका के पहले राष्ट्रपति। उन्होंने तब के राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से मुलाकात के अलावा संसद में भाषण दिया, राजकीय भोज में शामिल हुए, दिल्ली यूनिवर्सिटी में डॉक्टरेट की मानद उपाधि ग्रहण की, आगरा जाकर ताजमहल देखा और पास के गांव लारामदा जाकर लोगों से मिले। सुरक्षा बेफिक्री के उन दिनों में आइजनहॉवर ने रामलीला मैदान में भाषण भी दिया। वहां ढाई लाख से ज्यादा लोग मौजूद थे। लोगों ने ‘आइजनहॉवर जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए।

31 जुलाई - 1 अगस्त 1969 : रिचर्ड निक्सन

सबसे छोटी यात्रा

दस साल पहले लोगों ने आइजनहॉवर के स्वागत में जो उत्साह दिखाया था वह गायब था। निक्सन व तब की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी एक-दूसरे को पसंद नहीं करते थे। हाल ही में उजागर हुए अमेरिकी दस्तावेजों से भी यही खुलासा हुआ है। तेईस घंटे की इस यात्रा में निक्सन ने कार्यवाहक राष्ट्रपति मोहम्मद हिदायतुल्ला और इंदिरा गांधी से चर्चा की। राष्ट्रपति द्वारा दिए भोज में शामिल हुए और आधा घंटे का सांस्कृतिक कार्यक्रम देखकर अगली सुबह लाहौर रवाना हो गए। यात्रा इतनी छोटी थी कि किसी खास मुद्दे पर बातचीत नहीं हो पाई।



1-3 जनवरी 1978 : जिमी कार्टर

नसीराबाद बना कार्टरपुरी

अपनी खास किस्म की मुस्कान से जिमी कार्टर ने लोगों का मन मोह लिया। वे गुड़गांव के पास नसीराबाद-दौलतपुर गांव गए। उनकी मां लिलीयन गॉर्डी कार्टर 1960 के दशक में अमेरिकी पीस कोर के साथ आई थीं और यहां उन्होंने नर्स के रूप में काम किया था। कार्टर अपनी पत्नी रोजलीन के साथ एक घंटा गांव में रहे। रोजलीन स्थानीय कपड़े पहने थीं। उन्होंने उपहार में गांव को उसका पहला टीवी दिया। उस घर में गए जहां उनकी मां रही थीं। वहां कार्टर दंपती ने रोटी का स्वाद लिया। कार्टर की यात्रा से उत्साहित लोगों ने गांव का नाम कार्टरपुरी कर दिया। कार्टर ने दिल्ली में राष्ट्रपति नीलम संजीव रेड्डी व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई से मुलाकात की और संसद को संबोधित किया।

19-25 मार्च 2000 : बिल क्लिंटन

नायला में देखा पंचायती राज

बिल क्लिंटन जब बांग्लादेश में ही थे तब ही उनकी बेटी चेल्सी व सास डोरोथी भारत आ गईं। जोधपुर में उन्होंने उम्मेदभवन पैलेस में होली का लुत्फ उठाया। क्लिंटन भारत-अमेरिका रिश्तों में उत्साह भरने में कामयाब रहे। अपनी यात्रा में वे राष्ट्रपति केआर नारायणन और प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी द्वारा दिए भोज में शरीक हुए, आगरा में ताजमहल देखा। जयपुर के पास नायला गांव में जाकर पंचायती राज का अनुभव लिया। महिलाओं द्वारा चलाए जा रही सहकारी दुग्ध सोसायटी का कामकाज देखा।

1-3 मार्च 2006 : जॉर्ज बुश

वाकई ऐतिहासिक यात्रा

अमेरिकी राष्ट्रपतियों में बुश की यात्रा को वास्तव में ऐतिहासिक कहा जा सकता है। परमाणु करार तथा रक्षा, अंतरिक्ष और ऊंची टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में सहयोग के जरिए उन्होंने संकेत दिया कि वे वाकई हमारे साथ रणनीतिक भागीदारी में रुचि रखते हैं। वे हैदराबाद भी गए। फिर दिल्ली लौटकर बुद्धिजीवियों से मुखातिब हुए। पाकिस्तान रवाना होने से पूर्व उन्होंने हमें अमेरिका का स्वाभाविक सहयोगी बताते हुए यहां के जीवंत लोकतंत्र व विविधतापूर्ण समाज की खुले दिल से तारीफ की।

6-9 नवंबर 2010: बराक ओबामा

वक्त ही बताएगा

कुछ दिनों पहले भारत आने की अपनी उत्सुकता बताते हुए बराक ओबामा ने एक यूरोपीय विद्वान के बयान को दोहराया। उन्होंने कहा, आप मानव गतिविधि के किसी भी क्षेत्र का अध्ययन करना चाहे, फिर यह भाषा हो या धर्म, पुराण हो या दर्शन, प्रागैतिहासिक कला हो या विज्ञान आपको भारत जाना ही होगा। क्योंकि मानव इतिहास का बेशकीमती खजाना भारत और सिर्फ भारत में संजोकर रखा हुआ है। फिर उन्होंने कहा, ‘इसलिए जब हम अपने लोगों के लिए समृद्ध भविष्य की बात कर रहे हैं तो मुझे भारत जाना ही होगा, इसमें कोई संदेह नहीं।’


उतार-चढ़ाव भरा सफर


पहले दिए बहुत जख्म

* अपनी अफगानिस्तान-पाक नीति की सफलता को कश्मीर समस्या के जल्द समाधान से जोड़ा।

* दक्षिण एशिया में शांति-स्थिरता के लिए चीन के साथ मिलकर काम करने की बात कही।

* इतना ही नहीं कश्मीर समस्या सुलझाने के लिए चीन को भारत-पाक में मध्यस्थता करने की सलाह तक दे डाली।

फिर लगाया मरहम

* हमारे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को अपने कार्यकाल के पहले मेहमान के रूप में आमंत्रित किया।

* वाशिंगटन में हमारे विदेशमंत्री एसएम कृष्णा से विदेश मंत्रालय में खुद आकर मिले, भारत की तारीफ की।

* फिर अचानक इतनी जल्दी भारत आने पर सहमत हुए। दौरे में पाकिस्तान को शामिल नहीं किया।

* हमारे प्रधानमंत्री से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर छह बार मिले। हर बार मजबूत रिश्तों का भरोसा दिलाया।

* यूरेनियम के फिर इस्तेमाल संबंधी समझौते को अंतिम रूप देकर परमाणु समझौते पर संदेह को दूर किया।

पर चिंताएं तो अब भी बाकी

* पाकिस्तान को बड़ी मात्रा में हथियारों और सैन्य साजोसामान की सप्लाई।

* अफगानिस्तान में तालिबान से समझौते की अमेरिकी नीति।

* चीन द्वारा एनएसजी के नियम तोड़कर पाकिस्तान को दो अतिरिक्त परमाणु संयंत्र देने पर चुप्पी।

* पाकिस्तान जैसे नाकाम, आतंकवादी देश के साथ भारत को रखने की प्रवृत्ति।

Thursday, November 4, 2010

What India Can Expect From Obama

What India expects:
* Support on India’s candidature for a permanent seat in the UN Security Council
* Inclusion in the Nuclear Suppliers Group (removal of DRDO and ISRO from the blacklist)
* Bigger role for India in Afghanistan, particularly with future regimes in Kabul
* Greater access to US markets for Indian goods and services
* Consideration for India’s strategic concerns in the region and beyond
What US expects:
* Indian support to restore peace and stability in Afghanistan
* Help to ensure no single country dominates Asian geopolitics
* Access to Indian market for US companies
* Permission for US firms to sell new seed technology in India
* A big share of the Indian civil nuclear market
But prior to his visit to India, Obama has been in the news for his not very positive take on issues that are close to India:
What Obama says:
On whether he can lift curbs on export of dual-use technology items to India, and support permanent membership for India at the UNSC: “Very difficult and complicated“.
On geo-strategy: “My vision is a US-India partnership in which we work together to shape a more secure, stable, and just world… My visit gives me an opportunity to experience first hand your fascinating country, discuss issues of mutual concern with my friend Prime Minister Singh, and work with him to bring our cooperation on a broad range of issues to a new level.”
On outsourcing: “It is my responsibility to support jobs and opportunity for the American people… I believe the US-India economic relationship can and should be a ‘win-win’ relationship for both of our countries.”

आ रहे हैं भगवान ओबामा

हर नागरिक अभिभूत है। भावनाओं का सागर हिलोरें ले रहा है। कोई सामान्य घटना तो है नहीं। सदियों बाद ऐसा होता है। सब जानते थे कि सिर्फ दस अवतारों से इस धरती का काम नहीं चलने वाला है। उनको आना ही होगा। भक्तों की पीड़ा सुनने वे नहीं आएंगे तो कौन आएगा। हम न जाने कब से अंधकार में पड़े हैं। रोशनी दिखाने वाला आएगा। अब ज्यादा दिन नहीं हैं। वे बस आना ही चाहते हैं।
सबको खबर कर दी गई है। क्या राजा, क्या प्रजा, सभी पलक पांवड़े बिछाए हुए हैं। कहीं कोई कमी न रह जाए स्वागत में। तय कर दिया गया है कि मिनिस्टर-इन-वेटिंग कौन होगा। क्या पद है। वह बिछे जा रहे हैं कि हर किसी के जीवन में ऐसा अवसर नहीं आता। अब और जीवन से क्या चाहिए। इधर, तैयारी पूरी है। वे कहां विराजमान होंगे, किन-किन रास्तों से होकर कहां-कहां जाएंगे, उनकी मर्जी से तय किया जा रहा है। रास्ते बुहारे जा रहे हैं। मैनहोल तक खंगाले जा रहे हैं। अब क्या है कि भगवान तो हैं वे लेकिन यह 21वीं सदी है। इसलिए व्यवस्था करनी पड़ती है। सब जय-जयकार कर रहे हैं। आने तक का इंतजार कौन करे। मैडम राव पहले ही जाकर दूत का फर्ज निभा आई हैं।
भगवान ओबामा आ रहे हैं।
हमारे राजा और उनके मंत्रीगण प्रसन्न हैं। उन्हें लग रहा है कि भक्ति का मान रखा प्रभु ने। वे अपने विशेष विमान से आएंगे। सीधे मुंबई जाएंगे। हमारी दुखती रग को सहलाएंगे। हमें पूरा यकीन है कि वे कहेंगे कि आतंक से इस लड़ाई में वे हमारे साथ हैं। हों भी क्यों न, उनका घाव भी अभी हरा ही है। कलिकाल के भगवान जो ठहरे। दिक्कत यह पैदा हो गई है कि देवलोक अमेरिका में बहुत सारे देवता उनके खिलाफ हो गए हैं। क्या आप जानते नहीं है कि आज के देवलोक में भी लोकतंत्र का बोलबाला है। लिहाजा, चुनाव में हार की गर्म हवा उन्हें सता रही है। वह कुछ ठंडक पाने ही तो यहां आ रहे हैं। आएंगे तो उनकी रेटिंग बढ़ जाएंगी। याद कीजिए, क्लिंटन की भी ऐसे ही बढ़ी थी। अप्सरा मोनिका के साथ रंगरेलियां मनाने के बाद भी उनका भाव चढ़ गया था।
हमारे राजा व उनके दरबारी सोचने में लगे हैं कि भगवान आएंगे तो इतना तो जरूर कहेंगे कि वत्स, मांगो क्या वर मांगते हो। हम तुम्हारी भक्ति से प्रसन्न हैं। तुमने हमारे साथ परमाणु करार किया है। तुम्हारी तपस्या का फल तो जरूर मिलेगा। लेकिन ऐसा वर मांगना जिस पर मैं तथास्तु कह सकूं। वे जरूर कहेंगे, प्रौद्योगिकी निर्यात की बात मत मांगना। सबकुछ कैसे दे सकता हूं। मुझे भी तो जवाब देना है। यह दीगर बात है कि तुम मुझे भगवान मान रहे हो। हां, एक बात और संयुक्त राष्ट्र में स्थायी सदस्यता का वर भी मत मांगना। अब तुम जानते ही हो कि मैं कितना भी प्रसन्न हूं लेकिन अपना सिंहासन थोड़े ही दे दूंगा। तुम्हें बगल में बैठाने से पहले मुझे कई बार सोचना पड़ेगा। लिहाजा ये जटिल व पेचीदा वरदान मैं नहीं दे पाऊंगा। कहना ही मत। इस मामले में तुम्हारी इतनी बात मान सकता हूं कि तुम्हारे सामने कश्मीर की बात मैं नहीं करूंगा। पाकिस्तान को मैं समझा रहा हूं। थोड़ा शरारती है। मान जाएगा। आज नहीं तो कल मान जाएगा। अभी मुझे उससे काम है इसलिए ज्यादा जोर नहीं डाल सकता। तालिबान, अलकायदा से लड़ाई में उसकी जरूरत है। मैं भगवान हूं तो क्या हुआ, हूं तो आज का। सबके संहार की क्षमता मुझमें नहीं है। यह दीगर बात है कि दुनिया में कई देशों में मैंने नाहक ही अपने दिव्यास्त्रों का प्रयोग कर दिया है। और सुनो, अपने देवलोक में मैंने कितने नर-नारियों को (भारतीयों) को अपने दरबार (कांग्रेस) में जगह दी है। वे चाहे मेरी पार्टी में हों या विरोधियों की। निक्की को गवनर्र बन जाने दिया। यह क्या कम है।
खैर, हम तो उनके स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं। होटल का चप्पा-चप्पा छान मारा है हमने। गुलाब की पंखुड़ी भी कोई उनकी तरफ नहीं उछाल पाएगा। मुंबई में आकाशमार्ग से उतरेंगे। वहां वे बच्चों के साथ दीवाली मनाएंगे। कुछ खास जगहों पर जाएंगे। रास्ते को हम अपनी पलकों से बुहार रहे हैं। सड़कों में हमने अपनी आंखें धंसा दी हैं। खाने के लिए क्या-क्या नहीं जुटाया है। उन्होंने एक बार हल्के-से कह दिया था कि प्लैटर पसंद है। अब हिलेरी के प्लैटर से कम हुआ तो हमारी खैर नहीं। हमारे शेफ जुटे हैं। अभी से प्याज छीलने में लग गए हैं।
मुंबई के बाद भगवान दिल्ली आएंगे। राजघाट पर लंगोटी वाले बाबा की समाधि पर अपना शीश झुकाएंगे। बस यही बात समझ से बाहर है। सब लोग उनकी समाधि पर क्या करने जाते हैं। रस्म बड़ी चीज है निभाते रहिए, इस फॉर्मूले का चक्कर है तो ठीक है क्योंकि देवलोक के लोग गांधी की अहिंसा को तो अपने रथ के पिछवाड़े डालकर घूमते हैं। वियतनाम से लेकर अफगानिस्तान तक, कंबोडिया से लेकर इराक तक अहिंसा के झंडे का झ भी नहीं बचा है। हां, हर लड़ाई को वे देवासुर संग्राम का नाम जरूर देते हैं वर्ना अमृत के असुरों के हाथों पड़ जाने का खतरा है।
अंत में कुछ अर्ज करना चाहूंगा। जॉर्ज पंचम की शान में तो गीत रचा गया था और उसे हम आज भी अपने माथे से लगाए बैठे हैं। अब देखना यह है कि ओबामा के लिए क्या-क्या समर्पित किया जाएगा। तो आइए, सब मिल कर कहें- भगवान ओबामा की जय। ना…ना… इंकार मत कीजिए। देशद्रोह का मुकदमा चल सकता है।

Tuesday, October 12, 2010

जीवन में सही-गलत को पहचानना बड़ी चुनौती

जीवन में दो बड़े खतरे हैं : ज्ञान का खतरा अहंकार और भक्ति का खतरा आलस्य। आज के विकास के युग में आलस्य अपराध है। घोर परिश्रम के दौर में आलस्य दुगरुण बनकर हमारी परिश्रमी वृत्ति पर प्रहार करता है। भक्त होना एक योग्यता है। भक्ति को केवल क्रिया न मानें, यह जीवन शैली है।

फकीरों ने भक्ति को बीज बताते हुए कहा है, ऐसा बीज कभी भी निष्फल नहीं जाता। युग बीत जाने पर भी इसके परिणाम में फर्क नहीं आएगा। भक्ति बीज पलटे नहीं, जो जुग जाय अनंत। कबीर एक जगह कह गए हैं कि इस सीढ़ी पर लगन और परिश्रम से चढ़ना पड़ता है।

जिन जिन मन आलस किया, जनम जनम पछिताय। साधना के मार्ग में आलस्य कभी-कभी सीधे प्रवेश नहीं करता, वह रूप बनाकर भी आता है। भक्ति के मार्ग पर चलते हुए कई भक्तों को यह भी लगता है कि हम जिस राह पर हैं, वह सही भी है या नहीं?

जीवन में सही-गलत को पहचानना भी बड़ी चुनौती है। आस्तिकता का एक रास्ता है और नास्तिकता के दस। भरोसे की एक किरण हाथ लगती है तो संदेह का बड़ा अंधकार आ घेरता है। इसीलिए लोग नास्तिक हो जाते हैं। महात्माओं, फकीरों ने इस झंझट से बचने का एक सरल तरीका बताया है, वह है भरोसा।

इस निर्णय से हम कहीं पहुंच भी जाएंगे, वरना जीवन भर भटकते रहेंगे। करने वाले हम होते हैं, कराने वाला दूसरा। यहीं से आज के कर्म-युग में शांति प्राप्त हो जाएगी। अत: एक बार भक्ति को भरोसे से जोड़ दें।